गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर गुरुवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर मनोज पाठक ने नगर पालिका गाजीपुर के वार्ड नंबर 01 का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, कूड़ा उठान, नालियों की स्थिति और जल निकासी व्यवस्था को संतोषजनक न पाकर एसडीएम ने गहरी नाराज़गी जताई। वार्ड में जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदगी से भरी नालियों को देखकर उन्होंने मौके पर मौजूद सफाई निरीक्षक को कड़ी फटकार लगाई। एसडीएम ने निर्देश दिया कि सफाई व्यवस्था को अविलंब सुधारते हुए जल निकासी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वार्ड में प्रतिदिन नियमित रूप से कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों की समस्याएं सामने आईं, जो गंदगी और जलभराव से परेशान थे। इस पर एसडीएम ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिथिलता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार राय सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। एसडीएम ने दोहराया कि नगर की स्वच्छता और नागरिकों की सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इसमें कोई कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।