गाजीपुर। जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत देवढी तिराहे के पास पुलिस ने गुरुवार की रात करीब 10 बजे एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की। मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।कोतवाली के उपनिरीक्षक अरुण पांडेय अपनी टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच-पड़ताल कर रहे थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन अवैध शराब लेकर असैचन्दपुर से बिहार की ओर जा रहा है। इस पर पुलिस ने देवढी पुलिया के पास जाल बिछाकर घेराबंदी की और संदिग्ध बोलेरो को रोक लिया।
पुलिस को देखकर वाहन चालक घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम की सतर्कता से उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम विवेक कुमार निवासी मौनिया बिगहा (डालमिया नगर), थाना डेहरी, जिला रोहतास, बिहार बताया। जब बोलेरो की तलाशी ली गई, तो उसमें से 32 पेटियों में भरी 1440 पाउच (कुल 288 लीटर) ब्ल्यू लाइम ब्रांड की देशी शराब बरामद की गई। प्रत्येक पाउच की मात्रा 200 मिलीलीटर थी। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह यह शराब बिहार में ऊँचे दामों पर बेचकर वाहन की किश्त और घरेलू खर्च चलाता है।
पुलिस द्वारा शराब से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर अभियुक्त कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके चलते धारा 60/72 आबकारी अधिनियम तथा धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत अभियुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की गई। साथ ही शराब और बोलेरो वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। बोलेरो के कागजात भी आरोपी नहीं दिखा सका, जिसके चलते वाहन को सीज कर दिया गया।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार पर एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।