जमानिया, गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंसारी मोहल्ला निवासी सादिया परवीन को उसके पति ने व्हाट्सएप पर तीन तलाक देकर रिश्ता खत्म कर दिया। इस घटना को लेकर पीड़िता ने गुरुवार को पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और तीन तलाक देने के गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सादिया परवीन का विवाह 12 नवंबर 2024 को सलीम अंसारी, निवासी सोनहरिया, थाना जमानिया से हुआ था। विवाह में लड़की पक्ष द्वारा ₹1.20 लाख नकद, मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित अन्य उपहार दिए गए थे। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया और पीड़िता पर ₹4.50 लाख नकद, टीवी, फ्रिज, डाइनिंग टेबल व अन्य सामान लाने का दबाव डाला जाने लगा।
ससुराल में मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेलने के बाद 25 जनवरी 2025 को सादिया को घर से निकाल दिया गया। सादिया ने बताया कि कई बार समझौते के प्रयास विफल हो गए। इसके बाद 17 जून 2025 को पति ने व्हाट्सएप पर चार लाख पचास हजार रुपये की पुनः मांग की और जब वह पूरी नहीं हुई, तो फोन पर तीन बार “तलाक” कहकर रिश्ता समाप्त कर दिया। पीड़िता ने इस संबंध में पति सलीम अंसारी, सास अंजुम आरा, जेठ आलमगीर, नंद नजमा, नंदोई जाहिद अंसारी व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली जमानिया में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर डिजिटल माध्यमों के दुरुपयोग और तीन तलाक जैसे संवेदनशील सामाजिक मुद्दे को उजागर करता है, जो पीड़ित महिलाओं के लिए मानसिक और सामाजिक पीड़ा का कारण बनता है।