गाजीपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में एक लाख किसानों को शामिल करने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री संतोष कुमार वैश्य ने की। बैठक में उप कृषि निदेशक गाजीपुर, फसल बीमा योजना के जिला समन्वयक (स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जनरल इंश्योरेंस), जिला अग्रणी प्रबंधक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित जनपद के समस्त बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में जानकारी दी गई कि अब तक केवल 1027 किसानों का ही फसल बीमा किया गया है, जबकि जिले में कुल 1,60,000 किसान किसान क्रेडिट कार्ड धारक हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद के अधिकांश किसान छोटे जोत के हैं, और दैविक आपदाओं अथवा बाढ़ के कारण उनकी फसलें अक्सर नष्ट हो जाती हैं। ऐसे में फसल बीमा योजना उनके लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो सकती है।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी 31 जुलाई 2025 तक एक लाख किसानों को बीमा योजना से जोड़ा जाना अनिवार्य है। इसके लिए आगामी एक सप्ताह के भीतर 50,000 किसानों को बीमा से आच्छादित करने का लक्ष्य बैंकवार निर्धारित किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शेष 50,000 किसानों को बीमा से जोड़ने हेतु प्रगति की समीक्षा के लिए आगामी शनिवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अगली बैठक आयोजित की जाएगी। यह अभियान जनपद के किसानों की आर्थिक सुरक्षा और सतत कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।