जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के हरबल्लमपुर गांव में पारिवारिक रंजिश और आपसी विवाद के चलते एक नाबालिग बालक को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिहोरी गांव निवासी रमाशंकर पासी की पुत्री मीरा देवी की शादी हरबल्लमपुर गांव के जयुनाथ चौधरी से हुई है। तहरीर में रमाशंकर पासी ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के सदस्य — ससुर गंगाधर चौधरी और देवर चंद्रमोहन चौधरी — लगातार पारिवारिक विवाद को लेकर झगड़ा करते आ रहे हैं।
घटना 7 जुलाई 2025 की है, जब दोपहर करीब 2 बजे मीरा देवी का बेटा अमित चौधरी अपने स्कूल के दस्तावेज और अन्य सामान लेने घर पहुंचा था। तभी आरोप है कि गंगाधर और चंद्रमोहन ने उसे गालियाँ दीं और जान से मारने की धमकी दी। यही नहीं, दोनों आरोपी घर के अंदर घुस आए और मारपीट की स्थिति पैदा कर दी। घटना की जानकारी पीड़ित रमाशंकर पासी ने कोतवाली में दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ससुराल पक्ष के गंगाधर चौधरी और चंद्रमोहन चौधरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।