जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के करमहरी (ढेकही) गांव में खेत की मेढ़ पर कब्जा करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया। इस घटना में एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित किसान राधेश्याम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे राधेश्याम सिंह अपने खेत पर मौजूद थे, तभी गांव के ही बृजराज यादव, शम्भू यादव और सियाराम यादव का पुत्र वहां पहुंचे और जबरन उनकी खेत की मेढ़ पर कब्जा करने लगे। राधेश्याम सिंह के विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया और गाली-गलौज भी की। हमले में राधेश्याम सिंह को मुंह, सीने और पसलियों पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी और तहरीर देकर न्याय की मांग की। मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।