जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के दाउदपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान संतोष तिवारी पुत्र बालेश्वर तिवारी के रूप में हुई है, जिसने कोतवाली में तहरीर देकर सगे पटिदारों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
घटना गुरुवार, 10 जुलाई को सुबह लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित संतोष तिवारी का कहना है कि जब वह किसी कार्यवश बाहर जा रहे थे, तभी विनोद तिवारी और सतीश तिवारी ने उन्हें रोककर अपशब्द कहे और लाठी-डंडों, लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान संतोष को कमर, पसली, चेहरा और होंठ पर गंभीर चोटें आई हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक साक्ष्य संकलन में जुटी हुई है।