जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के वार्ड संख्या 22, जमानियां रेलवे स्टेशन निवासी पीड़ित ने शुक्रवार को कोतवाली में तहरीर देकर गंभीर साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि उनका फेसबुक अकाउंट किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हैक कर लिया गया है। हैकर द्वारा अकाउंट से लगातार अश्लील फोटो और अपशब्द पोस्ट किए जा रहे हैं। योगेश कुमार ने अपनी तहरीर में बताया कि हैकर द्वारा उनके व्हाट्सएप नंबर के साथ-साथ उनके रिश्तेदारों और मोहल्ले के अन्य लोगों के नंबरों पर भी फोटोशॉप किए गए अश्लील चित्र भेजे जा रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, उनकी मां, बहन और अन्य रिश्तेदारों के फोटो को एडिट कर अभद्र रूप में सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, जिससे उनकी सामाजिक छवि को गहरा आघात पहुंचा है।
उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने उन मोबाइल नंबरों की जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध कराई है, जिनके माध्यम से यह अश्लील सामग्री भेजी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए योगेश कुमार ने साइबर सेल से विस्तृत जांच कराने, फेसबुक अकाउंट को तत्काल बंद कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर बलिया जनपद के हल्दी थाना क्षेत्र निवासी रामबाबू गुप्ता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।