गाजीपुर। जनपद के मत्स्य पालकों और मछुआरों के लिए अच्छी खबर है। मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 जुलाई 2025 से शुरू होकर 14 अगस्त 2025 तक चलेगी। इच्छुक लाभार्थी विभागीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इन योजनाओं में मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम की स्थापना, मछली विक्रय हेतु मोपेड विद आइसबॉक्स (उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत), अन्तर्राज्यीय भ्रमण, दक्षता विकास, प्रदर्शनी और सेमिनार, एवं मत्स्य पालकों/मछुआरों के प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम शामिल हैं।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण गाजीपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद की समस्त ग्राम सभाओं के तालाबों के पट्टाधारी या अन्य पात्र मत्स्य पालक इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि योजनाओं में किसी प्रकार का संशोधन होता है, तो संशोधित प्रावधानों के अनुसार ही लाभ प्रदान किया जाएगा। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन करने के लिए इच्छुक व्यक्ति मत्स्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://fisheries.up.gov.in पर जा सकते हैं। साथ ही किसी भी कार्य दिवस पर मत्स्य पालक विकास अभिकरण, विकास भवन, गाजीपुर के कमरा संख्या 06 एवं 07 में संपर्क कर व्यक्तिगत रूप से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।