गाजीपुर: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में धान एवं बाजरा की फसलें अधिसूचित हैं। खरीफ 2025 में जनपद के 47,015 कृषकों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है।
वर्तमान में मोंथा चक्रवात के कारण जिले में मध्यम से भारी वर्षा हो रही है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना बनी हुई है। इस संदर्भ में उप कृषि निदेशक ने बीमित किसानों से अपील की है कि यदि उनकी फसल क्षतिग्रस्त होती है, तो वे क्षति की सूचना 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर अवश्य दें। सूचना प्राप्त होने के बाद संयुक्त टीम (कृषि विभाग, राजस्व विभाग एवं फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि) द्वारा क्षति का स्थलीय निरीक्षण एवं सही मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि प्रभावित किसान को उचित क्षतिपूर्ति प्रदान की जा सके। जनपद में एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी को फसल बीमा संचालन हेतु अधिकृत किया गया है। किसानों से अनुरोध है कि समय पर सूचना देकर अपने बीमा लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया को सुनिश्चित करें।