जमानिया (गाजीपुर): कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 23 टेट्रा पैक देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार की रात ग्राम देवा बैरनपुर स्थित बाबा ढाबा के पास मुखबिर की सूचना पर की गई।
उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव ने बताया कि वह कांस्टेबल राजेश यादव और विनोद कुशवाहा के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद झोले में देशी शराब लेकर ढढनी से आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तिलकधारी राम (57 वर्ष) निवासी देवा बैरनपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके झोले से ब्लू लाइम देशी शराब के 23 टेट्रा पैक (200 एमएल प्रत्येक) बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह शराब ढढनी ठेका से लाकर अधिक दामों पर बेचता है और स्वयं भी इसका सेवन करता है। पुलिस ने मौके पर ही शराब को कब्जे में लेकर नमूना सील किया और आरोपी को धारा 60 एक्साइज एक्ट के तहत गिरफ्तार किया।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।