जमानिया (गाजीपुर): कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर लठिया गांव में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब ग्राम प्रधान की पत्नी के साथ मारपीट की घटना सामने आई। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान पर भी हमला करने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान रामआशीष बिंद की पत्नी कौशिल्या देवी, जो एक आशा कार्यकर्ता हैं, बुधवार की दोपहर पीएचसी जमानियां से टीकाकरण कार्य कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान हेतिमपुर निवासी राजेंद्र और उसके परिजनों ने रास्ता रोककर उनसे विवाद किया और मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया कि हमलावरों ने कौशिल्या देवी को बुरी तरह पीटकर बेहोश कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान रामआशीष बिंद मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी दौड़ाकर मारने की कोशिश की और ईंट-पत्थर फेंकने लगे। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह प्रधान को बचाया गया।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर राजेंद्र एवं उसके परिवार के सदस्यों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।