जमानिया (गाजीपुर): नगर में स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने गुरुवार को नगर पालिका कर्मियों के साथ वार्ड नंबर 7 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
तहसीलदार वर्मा ने कहा कि नगर में पानी की सप्लाई नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने नगर पालिका कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी क्षेत्र में गंदगी न फैलने पाए और नालियों की सफाई नियमित रूप से की जाए। इसके साथ ही उन्होंने ब्लीचिंग पाउडर और क्लोरीन का नियमित छिड़काव करने पर जोर दिया ताकि बीमारियों के फैलाव को रोका जा सके। तहसीलदार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।