गाजीपुर: भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने हेतु “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का आयोजन जनपद गाजीपुर में किया जा रहा है।
मुख्य कार्यक्रम 31 अक्टूबर 2025 को प्रातः 7:00 बजे से रिजर्व पुलिस लाइन्स गाजीपुर से प्रारंभ होगा। यह दौड़ पी.जी. कॉलेज चौराहा, गोरा बाजार, पुलिस अधीक्षक आवास से होते हुए पुलिस लाइन्स ग्राउंड तक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर जनपद के पुलिस अधिकारीगण, कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षी, शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं एवं जनसामान्य के लोग उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। जनपद के सभी थानों पर भी “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय अधिकारी, पुलिसकर्मी और विद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे, ताकि एकता का संदेश जनपद के हर कोने तक पहुँच सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में दो आरक्षी बैनर लेकर अग्रणी भूमिका में रहेंगे, जबकि उनके पीछे विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति और एकता के जोश के साथ दौड़ में सम्मिलित होंगे। दौड़ के अंतिम हिस्से में पुलिस पीआरवी वाहन, फायर सर्विस वाहन और पिंक स्कूटी दल शामिल रहेंगे, जो पुलिस की तत्परता, सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण की भावना का प्रतीक होंगे। प्रतिभागियों के लिए पेयजल, ग्लूकोज़, प्राथमिक उपचार सामग्री, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था की गई है। पूरे कार्यक्रम का एरियल कवरेज ड्रोन कैमरे से किया जाएगा ताकि आयोजन की हर झलक संरक्षित हो सके। जनपद के पत्रकार बंधुओं, समाजसेवियों, खेल प्रेमियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की गई है कि वे इस “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करें और राष्ट्रीय एकता, सद्भावना एवं देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में सहभागी बनें।