गाजीपुर: जिला प्रोबेशन अधिकारी गाजीपुर के निर्देशानुसार महिला कल्याण विभाग द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत घरेलू हिंसा एवं दहेज उन्मूलन विषय पर विकास खंड सदर के आंगनवाड़ी केंद्र नवापुरा में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हब फॉर एंपावरमेंट की मिशन कोऑर्डिनेटर नेहा राय ने घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 और दहेज उन्मूलन कानून के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों एवं सुरक्षा से जुड़ी विभागीय योजनाओं जैसे —
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, स्पॉन्सरशिप योजना एवं वन स्टॉप सेंटर की भी जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर जेंडर स्पेशलिस्ट लक्ष्मी मौर्य ने उपस्थित महिलाओं और बच्चों को महिला एवं बाल सुरक्षा हेतु संचालित टोल-फ्री नंबरों —
1098, 181, 101, 102, 108, 1090, 1076, 112 एवं 1930 — के उपयोग और महत्व के बारे में बताया। जागरूकता चौपाल में आंगनवाड़ी सुपरवाइजर मीना सिंह, सविता यादव, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री सोमारी देवी, तथा बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज प्रथा उन्मूलन एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना रहा।