जमानिया (गाजीपुर): बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र पूर्व मध्य रेल मंडल दानापुर के वरीय अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क अभियान के तहत शुक्रवार की शाम रेलवे सुरक्षा बल (RPF) दिलदारनगर को बड़ी सफलता मिली। टीम ने अमृतसर–हावड़ा मेल (ट्रेन संख्या 13006) से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से 24 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद किए। आरपीएफ दिलदारनगर के प्रभारी निरीक्षक गणेश सिंह राणा ने बताया कि जब टीम जमनिया स्टेशन से ट्रेन की जांच कर रही थी, उसी दौरान कोच नंबर S-1 में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पाया गया। संदेह के आधार पर जब उसके पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 500-500 रुपये के नोटों में ₹24,40,000 की नकदी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम घनश्याम वर्मा (28 वर्ष) पुत्र स्व. अमरनाथ वर्मा, निवासी मुन्सिपुरा, मऊनाथ भंजन, थाना कोतवाली, जिला मऊ (उ.प्र.) बताया। जब उससे बरामद रकम के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरपीएफ ने शाम 7:30 बजे आरोपी से बरामद रकम को ज़ब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आगे की कार्यवाही के लिए जीआरपी दिलदारनगर को आरोपी घनश्याम वर्मा और बरामद ₹24,40,000 नकदी (सभी ₹500 के नोटों में) सौंप दी गई। इस अभियान में निरीक्षक गणेश सिंह राणा, उप निरीक्षक नवीन कुमार, प्र.आ. अंजनी कुमार गुप्ता, आरक्षी अरुण कुमार सिंह, तथा जीआरपी दिलदारनगर के आशीष कुमार सिंह सक्रिय रूप से शामिल रहे।