सैदपुर (गाज़ीपुर)। थाना सैदपुर क्षेत्रांतर्गत गांगी नदी के पुल के पास मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दासू के रूप में हुई है, जो ईंट-भट्ठे पर कार्यरत मजदूर बताया जा रहा है।
प्राप्त सूचना के अनुसार आज दिनांक 10 फरवरी 2026 को सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गांगी नदी पुल के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही स्थानीय क्षेत्राधिकारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों से संपर्क कर उनके द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कुछ नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण में अग्रेतर वैधानिक कार्रवाई थाना सैदपुर द्वारा की जा रही है तथा मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। प्रकरण को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा भी बाइट जारी की गई है।