जमानिया, गाजीपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर नई बस्ती (लोदीपुर) में पारिवारिक संबंधों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक पर अपनी विधवा मां और भाभी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पुत्र के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, जयमाला पांडेय (पत्नी स्व. विनय पांडेय) ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र आकाश पांडेय अक्सर उनके साथ और उनकी बहू भारती पांडेय के साथ मारपीट करता है। उसके व्यवहार से परेशान होकर वह अपनी बहू के साथ बेटी पूजा पांडेय के घर इलाहाबाद चली गई थीं। आरोप है कि 13 फरवरी को लौटने पर आकाश ने फिर गाली-गलौज कर मारपीट की। पीड़िता के अनुसार, करीब 25 दिन पहले भी उसने बहू को गंभीर रूप से पीटा था, जिसका इलाज इलाहाबाद में कराया गया था। वहीं आठ महीने पहले भी मारपीट की घटना का मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। आरोप है कि आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देता है, जिससे सभी भयभीत हैं। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।