जमानियाँ (गाजीपुर)। क्षेत्र के नईबाजार मोड़ स्थित एनएच-24 पर मंगलवार सुबह लगभग 8:30 बजे तेज रफ्तार डम्पर की चपेट में आने से 28 वर्षीय शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डम्पर को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार मृतक आशुतोष राय (28) पुत्र अजय राय निवासी ग्राम ककरैत, जनपद चंदौली, जमानियाँ तहसील क्षेत्र के ग्राम बरुइन स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे। वह सुबह लगभग 8 बजे बाइक से विद्यालय जा रहे थे। जैसे ही वे नईबाजार तिराहे के पास पहुँचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डम्पर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों व ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। बाद में अधिकारियों के मौके पर पहुँचने और वार्ता के बाद लगभग तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। बताया गया कि मृतक अपने परिवार का इकलौता वारिस था और दो बड़ी बहनों का छोटा भाई था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच जारी है।