जमानिया| क्षेत्र के हरपुर गांव स्थित डिवाइन ग्लोबल स्कूल में मंगलवार और बुधवार को दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी झंडियों और गुब्बारों से सजे विद्यालय परिसर में छात्रों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन और उत्साह का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के चेयरमैन डॉ. रामऊग्रह सिंह यादव तथा अश्वनी सिंह यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद जॉय, फेथ, ह्यूमैनिटी और ग्रेटीटूड हाउस के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट कर मुख्य अतिथियों को सलामी दी। प्रतियोगिता में नर्सरी से लेकर कक्षा 11 तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रस्साकशी में छात्रों ने टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, वहीं लंबी कूद, ऊंची कूद, खो-खो, कबड्डी और दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की फुर्ती और कौशल ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों द्वारा मेडल, प्रमाण-पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में चेयरमैन डॉ. रामऊग्रह सिंह यादव और अश्वनी कुमार सिंह ने कहा कि खेलों का उद्देश्य छात्रों में अनुशासन, टीम वर्क और शारीरिक दक्षता का विकास करना है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। विद्यालय के प्रबंधक प्रकाश यादव, एकेडमिक हेड रितु यादव तथा प्रधानाध्यापिका प्रियंका सरस्वती ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा जहां मस्तिष्क के विकास का माध्यम है, वहीं खेल शरीर के विकास का सर्वोत्तम साधन हैं और इससे बच्चों में नेतृत्व क्षमता व मित्रता की भावना विकसित होती है।

नए खेल मैदान का शिलान्यास
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि विद्यालय के नए खेल मैदान का शिलान्यास रहा, जिसे विद्यार्थियों की उपस्थिति में सम्पन्न किया गया। शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों के सहयोग व अनुशासन के साथ यह दो दिवसीय खेल महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
