जमानियां (गाजीपुर)| क्षेत्र के ग्राम बडेसर स्थित गंगा घाट पर रविवार को संत निरंकारी मंडल, दिल्ली के निर्देशन में विशाल सफाई अभियान आयोजित किया गया। अभियान में दूर-दूर से पहुंचे सैकड़ों सत्संगी एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए घाट के विभिन्न हिस्सों से कचरा और गंदगी हटाकर उसे स्वच्छ व सुंदर बनाया और स्वच्छता का संदेश दिया।
साध संगत जोन-64 जमानियां के प्रबंधक कृष्णानंद साहनी ने बताया कि कार्यक्रम मंडल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें दिलदारनगर, नगसर, राधोपुर तथा जमानियां शाखाओं के महिला-पुरुष स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर घाट की सफाई की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और यदि लोग अपनी जिम्मेदारी समझते हुए कचरा निर्धारित स्थान पर डालें, तो गंदगी की समस्या स्वतः समाप्त हो सकती है।उन्होंने लोगों से अपील की कि अनुपयोगी वस्तुएं सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें, बल्कि डस्टबिन में डालें, ताकि स्वच्छ और स्वस्थ भारत का निर्माण संभव हो सके। अभियान में विनोद, दिनेश, गोरखनाथ, रामबिलास, विजय, हरिहर, रामजी, सुभाष, गुलाब और अरविन्द सहित अनेक सत्संग कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।