जमानिया (गाजीपुर)| नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। हादसा उस समय हुआ जब सामने से आ रही अनियंत्रित स्कूली बस ने छात्रों की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों घायलों को अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने 15 वर्षीय संदीप कुशवाहा (निवासी बेटाबर खुर्द) को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथी 16 वर्षीय मान सिंह (निवासी चकमेदनी नंबर दो) की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि संदीप अपने पिता सुखदेव सिंह कुशवाहा का इकलौता पुत्र था और पढ़ाई में मेधावी था। पिता के अनुसार वह पहले दो दिन साइकिल से परीक्षा देने गया था, लेकिन तीसरे दिन दोस्त के साथ बाइक से निकला था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त स्कूली बस को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।