जमानिया (गाजीपुर)| स्थानीय विकास खंड सभागार में सोमवार को राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत क्षेत्र पंचायत सदस्यों, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) और ग्राम पंचायत सचिवों के लिए एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आय बढ़ाने के प्रभावी उपायों पर चर्चा करना था।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर श्रीराम गौतम ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने 73वें संविधान संशोधन, पंचायत विकास योजना (बीपीडीपी), 15वें केंद्रीय वित्त आयोग तथा पंचम राज्य वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों को सरल तरीके से समझाया। प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), ग्राम पंचायतों की स्वयं की आय (ओएसआर) बढ़ाने के उपाय, पंचायतों में ई-गवर्नेंस की स्थापना, सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) और उनके स्थानीयकरण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पंचायत कल्याण कोष, उत्तर प्रदेश भूमि योजना और पंचायत पुरस्कार से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा, एडीओ पंचायत उमेंद्र प्रताप सिंह, सचिव अरुण कुमार, आशुतोष गिरी, लव सिंह, सिद्धार्थ, प्रशांत कुमार, अजय कुमार, ओम प्रकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे और पंचायत विकास की विभिन्न बारीकियों को समझा।