जमानिया। क्षेत्र के मदनपुरा गांव निवासी एक होनहार छात्र ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। भूतपूर्व सैनिक राजेश तिवारी के पुत्र अनमोल तिवारी ने प्रतिष्ठित ऑल इंडिया सैनिक स्कूल की कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली है।
कसेरा पोखरा स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 5 के छात्र अनमोल ने बिना किसी बाहरी कोचिंग के, घर पर नियमित अध्ययन कर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और एकाग्रता को दर्शाती है। इस सफलता के बाद अनमोल को सैनिक स्कूल झांसी में कक्षा 6 में प्रवेश मिलेगा। सैनिक स्कूल देशभर में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सैन्य सेवाओं की तैयारी के लिए प्रसिद्ध हैं। एक फौजी के बेटे होने के नाते अनमोल ने बताया कि उनका लक्ष्य अपने पिता की तरह भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करना है। अनमोल की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।