जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तियरी में रास्ते पर गोबर और मिट्टी डालकर मार्ग अवरुद्ध करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। रास्ता साफ कराने के दौरान दबंगों द्वारा एक महिला के साथ मारपीट और मजदूरों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। तहरीर के अनुसार, तियरी गांव निवासी सूबेदार कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि गांव के कुछ लोगों ने उनके आवागमन वाले रास्ते पर गोबर और मिट्टी डालकर रास्ता बंद कर दिया था। रास्ता खुलवाने के लिए समाजसेवी ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा समर्थकों के साथ भूख हड़ताल पर बैठ गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। अधिकारियों की मौजूदगी में रास्ता साफ करने के लिए महिला मजदूरों को लगाया गया। इसी दौरान विपक्षी पक्ष ने कथित रूप से गाली-गलौज की और सूबेदार कुशवाहा की पत्नी के साथ मारपीट की। आरोप है कि मजदूरों को भी झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर शियाराम, धनंजय, मंगल, सुनीता, सोना देवी व एक अन्य के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। घायल महिला समेत अन्य का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा मामले की जांच जारी है|