जमानिया। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने शनिवार की रात गश्त और चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुमटी (दुकान) का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को सरायमुराद अली नहर तिराहे के पास से दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी किया गया भारी मात्रा में परचून का सामान, नकदी, ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड तथा एक अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह अपनी टीम एवं रात्रि चीता पुलिस के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जुनैदपुर कस्बे में हुई गुमटी चोरी के आरोपी झोलों में सामान लेकर नहर के रास्ते हेतिमपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने सरायमुराद अली नहर तिराहे पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटू (32 वर्ष) और धर्मेंद्र पासवान (26 वर्ष), निवासी ग्राम रेलवे स्टेशन जमानियां पटखौलिया के रूप में हुई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि बरामद माल और अवैध हथियार के आधार पर दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।