जमानिया। रंगों के पावन पर्व होली के उपलक्ष्य में हरपुर स्थित डिवाइन ग्लोबल स्कूल हरपुर के प्रांगण में भव्य एवं रंगारंग होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ सहभागिता की। पूरे परिसर में उल्लास, रंग और अपनत्व का सुंदर वातावरण देखने को मिला। होली के इस विशेष अवसर पर बच्चों के मनोरंजन का विशेष ध्यान रखा गया। विद्यालय परिसर में आकर्षक झूले, टॉय ट्रेन तथा बड़े गुब्बारों वाले झूलों की व्यवस्था की गई थी, जिसका विद्यार्थियों ने खूब आनंद उठाया।

विद्यालय के चेयरमैन डॉ. रामउग्रह सिंह एवं अश्वनी कुमार सिंह की ओर से बच्चों के लिए विशेष खान-पान की व्यवस्था की गई। छात्रों की सेहत और स्वाद को ध्यान में रखते हुए चाट, फुल्की, बर्गर एवं चाउमीन जैसे व्यंजन परोसे गए, जिसकी सभी ने सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक प्रकाश यादव, प्रधानाचार्य प्रियंका सरस्वती तथा एकेडमिक हेड रितु यादव की उपस्थिति में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल का तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। मिठाइयों का वितरण किया गया तथा समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया। समारोह का विशेष और भावनात्मक क्षण तब आया, जब विद्यालय प्रबंधन ने स्कूल के सभी ड्राइवर बंधुओं को उनके समर्पण एवं निरंतर सहयोग के लिए सम्मानित किया। प्रबंधक द्वारा सभी चालकों को उपहार स्वरूप नए वस्त्र प्रदान किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।कार्यक्रम ने न केवल उत्सव का आनंद दिया, बल्कि आपसी एकता और सम्मान का प्रेरणादायी संदेश भी प्रस्तुत किया।
