पुलिस अधीक्षक, जनपद गाजीपुर द्वारा होली, रमजान एवं अन्य त्योहारों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु थाना जमानिया क्षेत्र में पैदल गश्त, फ्लैग मार्च एवं एरिया डोमिनेशन किया गया। इस दौरान कस्बों, मुख्य मार्गों, बाजारों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई।
शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
आमजन से अपील की गई कि होली एवं रमजान के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं पारस्परिक सम्मान बनाए रखें। त्योहारों को परंपरागत, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने का अनुरोध किया गया। होली पर्व के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने, डीजे पर निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक या आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट प्रसारित करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। होली की बारातों एवं शोभायात्राओं हेतु सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया गया तथा होलिका दहन स्थलों का भी जायजा लिया गया।
‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन
तत्पश्चात थाना जमानिया परिसर में भव्य ‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस परिवार एवं स्थानीय संभ्रांत नागरिकों के साथ फूलों, अबीर एवं गुलाल से होली खेलकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया गया। श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को संबोधित करते हुए होली को मर्यादित, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी जमानिया, प्रभारी निरीक्षक जमानिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।