गाजीपुर। ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ मुख्य बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास भ्रमण किया। गश्त के दौरान अधिकारियों ने शहर के प्रमुख चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ईद की नमाज केवल निर्धारित ईदगाहों एवं मस्जिदों के भीतर ही अदा की जाएगी। सड़कों अथवा सार्वजनिक स्थलों पर नमाज की अनुमति नहीं होगी। साथ ही मिश्रित आबादी वाले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी का भी उपयोग किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि त्योहार की शांति भंग करने या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं धर्मगुरुओं से संवाद कर आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, एडीएम, क्षेत्राधिकारी नगर, उपजिलाधिकारी नगर, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।