गाजीपुर (कासिमाबाद)। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कासिमाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को थाना कासिमाबाद पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक राजनारायण अपनी टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना कासिमाबाद पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 99/2026 (धारा 65(1)/333/351(3) बीएनएस व ¾(2) पॉक्सो एक्ट) में वांछित अभियुक्त कौशल गौड़ टोडार मोड़ (मऊ-कासिमाबाद मार्ग) के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई संतुलित फायरिंग में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल कब्जे में लेकर उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। इस संबंध में थाना कासिमाबाद पर मुकदमा संख्या 100/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
कौशल गौड़ पुत्र विनय गौड़, निवासी ग्राम सिधउत, थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर (उम्र 21 वर्ष)
आपराधिक इतिहास:
अभियुक्त के विरुद्ध दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट सहित आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजनारायण व थाना कासिमाबाद पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।