गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु चलाए जा रहे “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत पुलिस प्रशासन द्वारा जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की गईं।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त की गई। इस दौरान आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा उनसे निर्भीक होकर किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई। वहीं अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमों द्वारा भी सक्रियता दिखाते हुए सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग एवं भ्रमण किया गया। टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की तथा महिलाओं को असहज करने वाले शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान किया जा सके।