जमानियां (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को बड़े ही हर्षोल्लास, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह निर्धारित समय 7:30 बजे बड़ी संख्या में नमाजी ईदगाह पहुंचे और सामूहिक रूप से नमाज अदा कर देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी। ईदगाह में नमाजियों की भारी भीड़ के कारण स्थान कम पड़ गया, जिसके चलते बड़ी संख्या में अकीदतमंद गल्लामंडी स्थित जामा मस्जिद पहुंचे, जहां सुबह 8:00 बजे नमाज अदा की गई। दोनों स्थानों पर नमाज का कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ।

त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु तहसीलदार रामनारायण वर्मा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार, कोतवाली प्रभारी राम सजन नागर तथा स्टेशन चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह दल-बल के साथ मौके पर तैनात रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। नमाज के उपरांत लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। पुलिस की सक्रियता एवं प्रशासनिक सतर्कता के चलते पूरे तहसील क्षेत्र में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
