जमानिया (गाजीपुर)। तहसील कार्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण पटलों, विशेषकर आपूर्ति विभाग में प्राइवेट कर्मियों की अनधिकृत मौजूदगी को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। इस गंभीर मुद्दे पर जमानिया बार एसोसिएशन ने आवाज उठाते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयप्रकाश और सचिव मुनेश के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं का आरोप है कि सरकारी कुर्सियों पर बैठकर कार्य कर रहे निजी व्यक्ति नियमों के विरुद्ध हैं, जिससे सरकारी कार्यप्रणाली में भ्रष्टाचार और पारदर्शिता का अभाव बढ़ रहा है।
अधिवक्ता पंकज तिवारी ने बताया कि तहसील के संवेदनशील पटलों पर बाहरी लोगों की तैनाती से अधिवक्ताओं और दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये प्राइवेट कर्मचारी मामूली आर्थिक लाभ के लिए आम जनता को परेशान करते हैं, जिससे जरूरी कार्यों में अनावश्यक देरी होती है। बार एसोसिएशन ने मांग की है कि सभी महत्वपूर्ण पटलों से प्राइवेट कर्मियों को तत्काल हटाकर केवल नियमित सरकारी कर्मचारियों की ही नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि तहसील परिसर में पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था स्थापित हो सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान बृजेश सिंह कुशवाहा, अरविंद राय, घनश्याम सिंह, शशिभूषण राय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं की इस पहल को तहसील प्रशासन में सुधार और जनहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजर एसडीएम की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।