गाजीपुर। जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों एवं अनुसूचित जाति/जनजाति के छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण सूचना जारी की है।
उन्होंने बताया कि दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना (शैक्षिक सत्र 2025-26) के अंतर्गत जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, वे अपने आवेदन पत्र को ऑनलाइन सबमिट करने के साथ-साथ उसकी हार्ड कॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सभी छात्र-छात्राओं को निर्देशित किया गया है कि वे 25 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से बायोमैट्रिक प्रक्रिया पूर्ण कर लें। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सत्र समाप्ति के निकट है, ऐसे में यदि किसी छात्र/छात्रा या शिक्षण संस्थान का डेटा छात्रवृत्ति पोर्टल पर लंबित पाया जाता है, तो उसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित छात्र/छात्रा एवं संस्थान की होगी। प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है, ताकि उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिल सके।