गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” कार्यक्रम के अंतर्गत ऑडिटोरियम परिसर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत सरस मेला, मिशन शक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई। उन्होंने महिलाओं के हुनर और उत्पादों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ तथा छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
योजनाओं और उपलब्धियों पर डाला प्रकाश
उपायुक्त स्वतः रोजगार विजय कुमार यादव ने पिछले नौ वर्षों में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हुए कार्यों और योजनाओं के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी।
“महिलाएं आत्मनिर्भरता की मिसाल” – सपना सिंह
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सपना सिंह ने कहा कि यह सरस मेला केवल उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण स्वावलंबन और आत्मनिर्भर भारत का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, कन्या सुमंगला योजना और मिशन शक्ति ने समाज के हर वर्ग को सशक्त किया है। उन्होंने महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उन्होंने यह साबित कर दिया है कि अवसर मिलने पर महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। साथ ही उन्होंने सभी से “वोकल फॉर लोकल” को अपनाने की अपील की।
“मिशन शक्ति से बढ़ा आत्मविश्वास” – सरिता अग्रवाल
विशिष्ट अतिथि सरिता अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होकर समाज में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। उन्होंने समूह की महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में जिला विकास अधिकारी सुबास चन्द्र सरोज ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।