जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत सोमवार को यह कार्रवाई की गई। उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हेतिमपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर बहादुरपुर पुलिया के पास दबिश देकर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनीष कुमार (26) निवासी भगतुआ सरसौल थाना चौबेपुर वाराणसी तथा अमित यादव (22) निवासी बरवां थाना करण्डा जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 3 गोवंश (2 गाय व 1 बछड़ा) तथा 2 पिकअप वाहन बरामद किए हैं। इस संबंध में पुलिस ने उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि यह कार्रवाई गोवंश तस्करी एवं अवैध वध पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई कर रही है।