जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कसेरा पोखरा स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षा परिणाम उत्साहपूर्वक घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार सिंह ने परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं प्रबंधक अमित कुमार सिंह ने अभिभावकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी प्राइमरी, जूनियर और सीनियर श्रेणी में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत शिक्षण शुल्क से पूर्ण छूट दी जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 15%, 10% और 5% शुल्क में छूट प्रदान की जाएगी। परीक्षा परिणाम में प्राइमरी विंग में अलिश्बा आलम (कक्षा 2-B) ने 99.75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। जूनियर श्रेणी (कक्षा 6-8) में सनुज यादव (कक्षा 8-A) ने 99.17 प्रतिशत अंक के साथ टॉप किया। वहीं सीनियर श्रेणी में नीरज यादव (कक्षा 9-D) ने 99.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर बाजी मारी। इन मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रबंधन द्वारा पूर्ण शुल्क छूट की घोषणा पर अभिभावकों ने तालियों के साथ स्वागत किया। परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखा गया। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन सर्वानंद सिंह, अध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह, प्रबंधक अमित कुमार सिंह, प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्राइमरी विंग प्रभारी पूजा सिंह सहित समस्त शिक्षकगणों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।