जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय आर्य समाज मंदिर में महर्षि दयानन्द सरस्वती की 200वीं जयंती एवं आर्य समाज की सार्द्ध शताब्दी (150 वर्ष) के उपलक्ष्य में भव्य आयोजनों की श्रृंखला शुरू होने जा रही है। इसी क्रम में आर्य समाज जमानियां का 92वां वार्षिकोत्सव 27 मार्च से 30 मार्च 2026 तक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
चार दिवसीय इस आयोजन में वैदिक धर्म के प्रचार-प्रसार के साथ समाज में व्याप्त कुरीतियों, पाखंड और अंधविश्वासों को दूर करने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य मानवता की रक्षा और जनमानस में राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करना है। वार्षिकोत्सव में देश के प्रख्यात आर्य विद्वानों का आगमन होगा। सहारनपुर से पधार रहे आचार्य वीरेंद्र शास्त्री अपने ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे, वहीं मथुरा के सुप्रसिद्ध भजनोपदेशक यादवेन्द्र शास्त्री भक्ति गीतों के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण का संचार करेंगे। इसके अतिरिक्त अन्य विद्वानों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आर्य समाज जमानियां के प्रधान सच्चिदानन्द आर्य, मंत्री अजय आर्य एवं कोषाध्यक्ष आनन्द आर्य ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।