गाज़ीपुर। परिवार परामर्श केंद्र की पहल एक बार फिर कई बिखरे रिश्तों को जोड़ने में सफल रही। पुलिस लाइंस परिसर में आयोजित बैठक में कुल 14 पारिवारिक मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 4 लंबे समय से विवादित मामलों को आपसी सहमति और मध्यस्थता के माध्यम से सुलझा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस परामर्श सत्र में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवादों को समझदारी और संवाद के जरिए सुलझाने का प्रयास किया गया। सफल मध्यस्थता के बाद चारों परिवारों ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर साथ रहने का निर्णय लिया, जिसके बाद उनकी पत्रावलियां बंद कर दी गईं। इसके अतिरिक्त 2 मामलों में संबंधित पक्षों को विधिक सलाह देकर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में सहमति न बनने पर अगली तिथि निर्धारित की गई। इस सराहनीय कार्य में कमरूद्दीन, महिला आरक्षी रागिनी चौबे, अभिलाषा और संध्या सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल को सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।