जमानियां। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चवरी में सोमवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक महिला घायल हो गई। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7 बजे पीड़िता धीरजा देवी, पत्नी स्व. रामधारी यादव, के घर उनके बेटे अजय यादव का साला छोटू यादव (निवासी हरपुर) आया हुआ था। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के रमेश, उनके पुत्र मनीष एवं रजनीश, तथा पत्नी जानकी देवी वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए छोटू यादव के साथ मारपीट करने लगे। पीड़िता के अनुसार, जब वह बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उनके होंठ और नाक पर चोटें आईं। इस संबंध में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।