गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के अवसर पर ऑडिटोरियम सभागार में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन एवं टीबी मुक्त पंचायत कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल एवं नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल की उपस्थिति में मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। इस अवसर पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का टीबी मुक्त भारत का सपना अब साकार होता दिख रहा है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपने-अपने गांवों को टीबी मुक्त बनाने के लिए सक्रिय प्रयास करने की अपील की। कार्यक्रम में 170 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों को प्रमाण पत्र एवं गांधी प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। इनमें 8 गोल्ड, 50 सिल्वर और 112 कांस्य श्रेणी शामिल रही। रसूलपुर टी शेखपुर की प्रधान कल्पना यादव को सिल्वर गांधी प्रतिमा से सम्मानित किया गया। वहीं निक्षय मित्रों निशांत सिंह और राहुल उपाध्याय को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 1 मार्च से 25 मार्च 2026 तक स्वीकृत लगभग 200 करोड़ रुपये के ऋण का वितरण किया गया तथा लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं चेक की प्रति प्रदान की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, ओडीओपी, पीएम स्वनिधि, एमएसएमई, रिटेल और कृषि योजनाओं की जानकारी भी दी गई।नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को प्रदेश के विकास का आधार बताया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही टीबी चैंपियनों और प्रशिक्षण देने वाले कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार पांडेय, यूनियन बैंक के अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।