जमानियां। प्राथमिक विद्यालय शाहपुर, फुली के प्रांगण में गुरुवार को ‘नवारंभ उत्सव’ का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। नए शैक्षणिक सत्र के स्वागत में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिसने बच्चों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात बाल वाटिका में पहली बार प्रवेश लेने वाले नन्हे बच्चों का शिक्षकों द्वारा रोली-तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने नवप्रवेशी बच्चों को कॉपी एवं पेन भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि एआरपी अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि ‘नवारंभ उत्सव’ केवल प्रवेश प्रक्रिया नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने अभिभावकों, विशेषकर मातृ शक्ति के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि समाज का यही विश्वास ‘निपुण भारत’ जैसे लक्ष्यों की प्राप्ति में सहायक होगा। मुख्य अतिथि सुनील कुमार ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुरेंद्र नाथ सिंह (अध्यक्ष), एआरपी प्रेम कुमार सिंह, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अभिभावकों की उल्लेखनीय भागीदारी ने विद्यालय के प्रति उनके बढ़ते विश्वास को दर्शाया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।