गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नगसर हाल्ट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 378 लीटर अवैध देशी शराब से भरी एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद की है। हालांकि वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक निरंकार प्रसाद अपनी टीम के साथ गगरन नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सरहुला चट्टी से दिलदारनगर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 42 पेटी ‘ब्ल्यू लाइम’ देशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 45 पाउच (200 एमएल) पाए गए, जिसकी कुल मात्रा 378 लीटर आंकी गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1,41,750 रुपये बताई गई है। पुलिस ने वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर UP80BR9345) को कब्जे में लेते हुए बरामद शराब को सीज कर दिया है। इस संबंध में थाना नगसर हाल्ट पर मु.अ.सं. 11/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।