गाजीपुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना करंडा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक शैलेश कुमार यादव एवं चौकी प्रभारी बड़सरा अरुण पाण्डेय अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त व वांछित अभियुक्तों की तलाश में मेदनीपुर बाजार क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गोशन्देपुर गुड़ फैक्ट्री तिराहे के पास से आरोपी को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बल्लू खान (25 वर्ष) पुत्र स्व. साहब आलम, निवासी अर्दली बाजार, थाना कैंट, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले से ही थाना करंडा में दर्ज मु.अ.सं. 25/2026 (धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट) में वांछित था। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ एक और मुकदमा मु.अ.सं. 41/2026 (धारा 3/25 आर्म्स एक्ट) के तहत दर्ज किया गया है। इसके अलावा आरोपी पर वाराणसी जनपद में चोरी एवं अन्य धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।