गाजीपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल कुमार सोनकर ने थाना कोतवाली परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया। यह रैली कोतवाली से शुरू होकर रेलवे स्टेशन गाजीपुर सिटी, लंका चौराहा, विकास भवन और पीजी कॉलेज चौराहा होते हुए पुलिस लाइन परिसर तक निकाली गई।mबाइक रैली के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक महिला सशक्तिकरण का संदेश पहुंचाया गया। इस दौरान “महिलाओं का सम्मान, देश का अभिमान” जैसे नारों के जरिए आमजन को जागरूक किया गया और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, मिशन शक्ति प्रभारी टीम, महिला थाना प्रभारी सहित जनपद की विभिन्न शाखाओं में तैनात महिला उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी एवं आरक्षियों की सक्रिय भागीदारी रही।