जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बलुआ घाट पर गंगा स्नान करने आए एक व्यक्ति की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान फड़ेंद्र यादव (40 वर्ष), पुत्र बुधराम, निवासी कसेरा पोखरा के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, फड़ेंद्र यादव 26 मार्च की सुबह करीब 6 बजे साइकिल से बलुआ घाट गंगा स्नान के लिए निकले थे। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। 27 मार्च को परिजनों ने पुलिस को डूबने की आशंका की सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद उनका शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने की खबर से घाट पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस की कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस गाजीपुर भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।