गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के थाना बिरनो में आयोजित “थाना दिवस” के अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा विभिन्न समस्याएं रखी गईं, जिनके समाधान हेतु राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क सहित अन्य अभिलेखों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्य करते हुए समयसीमा के भीतर उनका समाधान किया जाए। जिन मामलों में उच्च स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित हो, उनमें तत्काल रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजी जाए, ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।