गाजीपुर। जनपद गाजीपुर में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैल रही कमी की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं और आमजन को इन अफवाहों से बचना चाहिए।
उन्होंने बताया कि 27 मार्च 2026 को जनपद में 1138 केएल पेट्रोल एवं 1455 केएल डीजल उपलब्ध है। वहीं 26 मार्च को पेट्रोल की बिक्री 319 केएल तथा डीजल की बिक्री 636 केएल रही, जो सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 1.5 गुना अधिक है। इसी प्रकार 25 मार्च को पेट्रोल 255 केएल एवं डीजल 438 केएल बिका था। घरेलू गैस सिलेंडरों की स्थिति भी सामान्य है। 27 मार्च को 23836 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। 26 मार्च को 10616 सिलेंडर की बिक्री तथा 11569 सिलेंडर की बुकिंग दर्ज की गई। पिछले वर्ष 26 मार्च 2025 को यह संख्या क्रमशः 9593 (बिक्री) और 9952 (बुकिंग) थी। अधिकारी ने बताया कि सामान्य दिनों में 19 और 20 मार्च को क्रमशः लगभग 224–214 केएल पेट्रोल और 363–353 केएल डीजल की बिक्री हुई थी, जो औसत खपत को दर्शाती है। लेकिन अफवाहों के कारण 26 मार्च को अचानक अधिक खरीदारी देखी गई।
कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से आपूर्ति बाधित होने के कारण स्पष्ट किए गए हैं—
एक एचपीसीएल पंप वित्तीय कारणों से बंद है।
एक पंप का लाइसेंस समाप्त होने के कारण बंद है।
नायरा एनर्जी के एक पंप पर अधिक बिक्री के कारण डीजल खत्म हुआ, जहां जल्द आपूर्ति होगी।
एक अन्य पंप स्वामित्व विवाद के कारण बंद है।
एक बीपीसीएल पंप पर स्टॉक कम है, जहां शीघ्र आपूर्ति पहुंचने की संभावना है।
इसके अतिरिक्त, जनपद के अन्य सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और ऑयल कंपनियों द्वारा नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी की अपील:
जनता से अनुरोध है कि केवल दैनिक आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीद करें और अनावश्यक भंडारण से बचें। यदि किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा गैलन, ड्रम या अन्य पात्र में पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण पाया गया, तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को भी ऐसे किसी अनधिकृत वितरण से सख्ती से मना किया गया है।