जमानियां। स्थानीय विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय बरूईन (वार्ड 5, 6) में बुधवार को वार्षिकोत्सव एवं नवीन सत्र के ‘प्रवेशोत्सव’ का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भव्य बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सुनील कुमार द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात प्रधानाध्यापक जितेंद्र प्रकाश ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणविजय सिंह का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत एकांकी (नाटक) एवं समूह नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में कक्षा 5 उत्तीर्ण कर चुके मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर एआरपी अरविंद कुमार सिंह ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अभिभावकों की भारी भागीदारी शिक्षकों और समाज के बीच मजबूत संबंध का प्रमाण है। कार्यक्रम में एआरपी प्रेम कुमार यादव, अखिलेश कुमार, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ सिंह, दिव्या सिंह, भगवान सिंह, नीरज सिंह सहित विद्यालय स्टाफ एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।अंत में प्रधानाध्यापक जितेंद्र प्रकाश ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए नए सत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प को दोहराया।