जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र के ग्राम बरुइन स्थित राजकिशोर सिंह महाविद्यालय मैदान में बबुआन स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि अरविन्द सिंह एवं दिलीप सिंह ने फीता काटकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
उद्घाटन मुकाबला राठौर स्पोर्टिंग क्लब अभईपुर और संदीप 11 गाजीपुर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अभईपुर की टीम ने निर्धारित 6 ओवर में 4 विकेट खोकर 48 रन बनाए। जवाब में संदीप 11 गाजीपुर की टीम ने रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर चौका लगाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए संदीप को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।इसके बाद खेले गए दूसरे मैच में पटखौलिया गाजीपुर और बरुईन के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें बरुईन टीम ने जीत दर्ज की। वहीं तीसरे मैच में एफसीसी गाजीपुर ने जमुनिया बाजार को हराकर आसान जीत हासिल की। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि रणवीर सिंह, मनोज पाण्डेय, श्रीराम सिंह (लूल्लू), अभिषेक सिंह (बंटी), शमसाद खाँ, अमित सिंह (गोलू), रोशन सिंह, रिशु सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।